जयपुर , मई 11 -- राजस्थान में विशेष जांच अभियान दल (एसओजी) ने देश की मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी में पेपर लीक की भ्रांतियों पर स्पष्ट किया है कि अभी कोई पेपर लीक जैसी बात सामने नहीं आई है और परीक्षा से पहले आये 'गेस पेपर' मामले की जांच की जा रही है।

एसओजी के अतिरिक्त महानिदेशक विशाल बंसल ने मीडिया को बताया कि नीट यूजी परीक्षा पेपर लीक को लेकर भ्रांतियां चल रही हैं लेकिन अभी केवल एक 'गेस पेपर' के परीक्षा से पहले आने को पेपर लीक नहीं कहा जा सकता। उन्होंने बताया कि एक 'गेस पैपर' है जिसमें करीब 410 प्रश्नों में से करीब 120 प्रश्न रसायन विज्ञान में आये हुए बताये जा रहे हैं। यह 'गेस पेपर' छात्रों के बीच काफी पहले वितरित हो गया था और परीक्षा से 15 से 30 दिन पहले ही उन तक पहुंचना शुरु हो गया था।

उन्होंने बताया कि इसलिए हमारी जांच का अभी ध्यान अभी इस बात पर है कि क्या 'गेस पेपर' के आधार पर कोई चीटिंग या अपराध हुआ हैं। इस मामले में जांच की जा रही है और अभी जांच चल रही है। उन्होंने बताया कि इस मामले में किसी की कोई गिरफ्तारी नहीं हुई हैं और अभी पेपर लीक जैसी कोई बात सामने नहीं आई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित