अलवर , जून 20 -- राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट- यूजी) के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी आयोजन को लेकर राजस्थान में अलवर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क है।
आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि 21 जून को जिले के 27 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली परीक्षा में नौ हजार 731 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को लेकर सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं और करीब 320 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि इस संबंध में अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए हैं। कोचिंग संस्थानों और स्कूल संचालकों के साथ बैठक करके सतर्कता बरतने को कहा गया है। परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम सवा पांच बजे तक आयोजित होगी।
उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की नकल, पेपर लीक अथवा अवैध गतिविधि रोकने के लिए व्यापक सुरक्षा योजना लागू की गई है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पुलिस अधिकारियों की निगरानी रहेगी, जबकि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षकों और थाना प्रभारियों को भी विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश से पहले कड़ी जांच प्रक्रिया से गुजरना होगा। प्रत्येक परीक्षार्थी की तकनीकी और शारीरिक तलाशी ली जायेगी। मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, कागजात अथवा अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा केंद्र में केवल राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा निर्धारित दस्तावेज और प्रवेश पत्र के साथ ही प्रवेश दिया जाएगा।
श्री चौधरी ने बताया कि परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए जिला पुलिस का साइबर दल सोशल मीडिया मंचों लगातार निगरानी रखे हुए है। फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब, टेलीग्राम और व्हाट्सएप सहित विभिन्न माध्यमों पर किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना, पेपर लीक की अफवाह या नकल गिरोहों की गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए विशेष सोशल मीडिया सेल और नियंत्रण कक्ष सक्रिय किया गया है।
पुलिस ने परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष उड़न दस्ते तैनात किए हैं। परीक्षा के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की भी व्यवस्था की गई है। होटल, धर्मशालाओं, साइबर कैफे, ई-मित्र केंद्रों और फोटो स्टेट की दुकानों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित