सीहोर , मई 12 -- देशभर में चर्चित नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले में मध्यप्रदेश के सीहोर जिले का नाम सामने आने के बाद सनसनी फैल गई है। राजस्थान पुलिस ने इस मामले में महाराष्ट्र के नाशिक निवासी शुभम खैरनार को गिरफ्तार किया है, जिसका संबंध सीहोर स्थित श्री सत्यसाई यूनिवर्सिटी से बताया जा रहा है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में कई अहम खुलासों की संभावना जताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुभम खैरनार ने वर्ष 2021 में श्री सत्यसाई यूनिवर्सिटी में बीएएमएस पाठ्यक्रम में प्रवेश लिया था। हालांकि विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले से खुद को अलग बताते हुए कहा है कि आरोपी ने प्रवेश लेने के बाद कभी विश्वविद्यालय में उपस्थिति दर्ज नहीं कराई। कुलगुरु मुकेश तिवारी के अनुसार शुभम न तो किसी परीक्षा में शामिल हुआ और न ही किसी शैक्षणिक गतिविधि में उसकी भागीदारी रही।
नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले के सामने आने के बाद देशभर में छात्रों और अभिभावकों में नाराजगी व्याप्त है। इस वर्ष 22 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, लेकिन पेपर लीक और धांधली के आरोपों के चलते परीक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच सीबीआई को सौंप दी गई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि पेपर लीक का नेटवर्क कितना व्यापक है और इसके तार किन-किन राज्यों तक फैले हैं। शुभम खैरनार की गिरफ्तारी को जांच में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। सीहोर से जुड़े तार सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर भी मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित