आगरमालवा , मई 16 -- मध्य प्रदेश में नीट पेपर लीक मामले को लेकर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने शनिवार को आगरमालवा में नेहरू शासकीय महाविद्यालय के सामने हुए प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया और केंद्र सरकार एवं राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के खिलाफ प्रर्दशन किया।
एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने "छात्र विरोधी सरकार मुर्दाबाद", "एनटीए बंद करो" और "पेपर लीक बंद करो" जैसे नारे लगाए। इस दौरान क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल रहा और पुलिस बल भी तैनात किया गया था। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया और पानी की बौछार का भी इस्तेमाल किया, बावजूद इसके कार्यकर्ता केन्द्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला दहन करने में सफल रहे।
इस दौरान कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए एनएसयूआई के राष्ट्रीय महासचिव अंकुश भटनागर ने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक से देशभर के करीब 22 लाख छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि यह घटना शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है और सरकार की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
श्री भटनागर ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी पर प्रतिबंध लगाने के साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रधान के इस्तीफे और मामले में शामिल सभी आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित