बैतूल , जुलाई 22 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में नीट पेपर लीक मामले को लेकर बुधवार को कांग्रेस, एनएसयूआई, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) और एससी मोर्चा कांग्रेस ने अलग-अलग स्थानों पर प्रदर्शन कर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।

चिचोली में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने जय स्तंभ चौक पर प्रदर्शन करने के बाद तहसीलदार के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली में छात्रों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की गिरफ्तारी का भी विरोध किया। प्रदर्शन में कांग्रेस एवं एनएसयूआई के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

जिला मुख्यालय बैतूल में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी, उसके महिला एवं युवा मोर्चा, गोंडवाना स्टूडेंट यूनियन तथा अन्य सामाजिक संगठनों ने शिवाजी चौक से कलेक्ट्रेट तक रैली निकालकर डिप्टी कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नीट पेपर लीक मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच, दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की गई।

गोंगपा ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता प्रभावित हुई है। संगठन ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी तंत्र विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। ज्ञापन में लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के आंदोलन के समर्थन का भी उल्लेख किया गया। इधर सारणी में एससी मोर्चा कांग्रेस ने जिला अध्यक्ष संगीता डेहरिया के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन कर केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला दहन किया तथा पेपर लीक मामले में दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित