नयी दिल्ली , मई 13 -- भारतीय युवा कांग्रेस ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ बुधवार को यहां जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष अक्षय लाकड़ा के नेतृत्व में कार्यकर्ता युवा कांग्रेस कार्यालय से रायसीना रोड की ओर मार्च निकाल रहे थे, लेकिन दिल्ली पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी पर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।

श्री लाकड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर हस्तक्षेप कर सकते हैं, लेकिन देश में लगातार हो रहे पेपर लीक नहीं रोक पा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एनएटीए बनने के बाद से लगातार परीक्षा प्रणाली पर सवाल उठे हैं और इससे छात्रों का भरोसा टूटा है।

उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में 89 पेपर लीक हुए, जबकि नीट परीक्षा चार बार विवादों में रही और 48 बार पुनर्परीक्षाएं करानी पड़ीं। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा व्यवस्था में गरीब छात्रों के साथ अन्याय हो रहा है और शिक्षा व्यवस्था भ्रष्टाचार की चपेट में है।

युवा कांग्रेस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, नीट पेपर लीक मामले की जांच के लिए संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) के गठन और एनटीए को समाप्त कर किसी अन्य सरकारी संस्था से परीक्षाएं कराने की मांग की। प्रदर्शन में राष्ट्रीय सचिव हैवरान कंसाना, एहसान अहमद सहित कई युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित