फगवाड़ा/ फिल्लौर , जून 13 -- नीट परीक्षा पेपर लीक मामले तथा पटियाला में बिजली विभाग के ठेका कर्मचारियों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोधमें शहीद भगत सिंह नौजवान सभा, इंकलाबी नौजवान सभा, एआईएसए और पंजाब स्टूडेंट्स फेडरेशन (पीएसएफ) के संयुक्त आह्वान पर युवाओं और विद्यार्थियों ने शनिवार को फिल्लौर में केंद्र और पंजाब सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए उनके पुतले फूंके।
सभा को संबोधित करते हुए शहीद भगत सिंह नौजवान सभा के राज्य वित्त सचिव एडवोकेट अजय फिल्लौर ने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक प्रकरण ने देशभर के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य को संकट में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि इस घटना ने शिक्षा और परीक्षा प्रणाली की गंभीर खामियों को उजागर किया है। उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि कुछ चुनिंदा कॉर्पोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने वाली नीतियों के कारण शिक्षा व्यवस्था कमजोर हो रही है और छात्रों के सपनों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस विवाद के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए उनके इस्तीफे की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गयी तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस अवसर पर सभा के तहसील सचिव सुनील भैणी ने पटियाला में बिजली विभाग के ठेका कर्मचारियों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की। उन्होंने पंजाब सरकार से सभी ठेका कर्मचारियों को नियमित करने, सरकारी विभागों में खाली पदों को शीघ्र भरने, आंदोलनकारी कर्मचारियों पर दर्ज मामलों को बिना शर्त वापस लेने तथा घटना के लिए जिम्मेदार पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान केंद्र और पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गयी। इस मौके पर पारस चावला, गैरी गिल, साबी फिल्लौर, तलविंदर सिंह, तरजिंदर धालीवाल, सोनू देसी और बड़ी संख्या में युवा और विद्यार्थी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित