जींद , मई 20 -- राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) परीक्षा पेपर लीक, बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि के विरोध में कांग्रेस ने बुधवार को जींद में जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने भाग लिया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से देश का युवा निराश और हताश है।
श्री सिंह ने कहा कि देश की महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षा नीट का प्रश्नपत्र लीक होना बेहद गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। इससे करीब 22 लाख विद्यार्थियों और उनके परिवारों की मेहनत, विश्वास और भविष्य पर गहरा असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद कई छात्र मानसिक तनाव और अवसाद का सामना कर रहे हैं तथा आत्महत्या की खबरें भी बेहद चिंताजनक हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में कई प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मामले सामने आ चुके हैं, जिससे स्पष्ट है कि संगठित पेपर लीक माफिया युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जरूरी है, ताकि युवाओं का भरोसा बहाल हो सके।
वहीं वरिष्ठ कांग्रेस नेता वीरेन्द्र सिंह ने कहा कि आम जनता महंगाई से परेशान है। गैस, पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने लोगों का घरेलू बजट बिगाड़ दिया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा करने में असफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है और संकट की हर घड़ी में लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है।
श्री वीरेन्द्र सिंह ने कहा कि नीट पेपर लीक जैसी घटनाओं ने देश की शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने मांग की कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया तो कांग्रेस प्रदेशभर में आंदोलन तेज करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित