नयी दिल्ली , जून 15 -- केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने वर्ष 2026 की नीट (स्नातक) पुनर्परीक्षा के लिए राज्य सरकारों की तैयारियों की सोमवार को समीक्षा की, जिसमें विद्यार्थियों की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता और अखंडता पर विशेष ध्यान दिया गया।
गृह मंत्रालय ने बताया कि समीक्षा बैठक में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष, विद्यालयी शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव, डाक विभाग के सचिव, केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो के महानिदेशक तथा राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के महानिदेशक और रक्षा मंत्रालय तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
केंद्रीय गृह सचिव ने सभी राज्य सरकारों/केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्रीय एजेंसियों को निर्देश दिया कि सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए तथा परीक्षा का आयोजन त्रुटिरहित ढंग से किया जाए। राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों से विद्यार्थियों की सुगम यात्रा सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया। रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
नीट (स्नातक) पुनर्परीक्षा का देशभर में 21 जून को आयोजन किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित