चंडीगढ़ , जुलाई 22 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में बुधवार को चंडीगढ़ स्थित पंजाब कांग्रेस मुख्यालय के बाहर कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पर नीट मामले को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल करने और पंजाब में कथित परीक्षा घोटालों पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय की ओर मार्च करने का प्रयास किया, लेकिन चंडीगढ़ पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इस दौरान श्री ढिल्लों सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं को एहतियातन हिरासत में लिया गया, जिन्हें बाद में सेक्टर-11 पुलिस थाने से रिहा कर दिया गया।
हिरासत में लिये जाने से पहले मीडिया से बातचीत में श्री ढिल्लों ने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनावी पराजयों के बाद जवाबदेही से बचने के लिए आंदोलन और भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों के मुद्दों का समाधान करने के बजाय उन्हें राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रही है।
नीट मामले का उल्लेख करते हुए श्री ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पहले दिन से ही मामले की सीबीआई जांच के आदेश दिये और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की। उन्होंने दावा किया कि इस मामले में अब तक 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है।
श्री ढिल्लों ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह छात्रों के हितों की रक्षा करने के बजाय इस मुद्दे पर राजनीतिक नाटक कर रहे हैं।
उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों दल पंजाब के फरीदकोट में सामने आये, कथित फार्मेसी परीक्षा घोटाले पर चुप हैं, जबकि नीट मुद्दे को लगातार राजनीतिक रंग दिया जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि पंजाब में कथित परीक्षा घोटालों पर कांग्रेस और आप जवाब क्यों नहीं दे रही हैं।
श्री ढिल्लों ने दावा किया कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (सप्रंग) शासनकाल (2004-2014) के दौरान कई बड़े परीक्षा पेपर लीक मामले सामने आये, लेकिन उन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, जबकि मौजूदा केंद्र सरकार ने नीट मामले में त्वरित जांच और कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की है।
उन्होंने कहा कि बैरिकेडिंग, गिरफ्तारियां और पुलिस कार्रवाई भाजपा कार्यकर्ताओं को डराने में सफल नहीं होगी। भाजपा देशभर में कांग्रेस के कथित दोहरे रवैये और छात्र विरोधी राजनीति को उजागर करती रहेगी तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं और युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित