बारां , मई 13 -- राजस्थान में बारां में नीट परीक्षा- 2026 में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के विरोध में बुधवार को जिला मुख्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने केन्द्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केन्द्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और एनटीए को भंग करने की मांग की। कांग्रेस कार्यकर्ता रैली के रूप में विभिन्न बाजारों से होते हुए प्रताप चौक पहुंचे, जहां प्रदर्शन करके शिक्षा मंत्री का पुतला दहन किया गया। प्रदर्शन के दौरान "पेपर लीक बंद करो" और "एनटीए को भंग करो" जैसे नारे लगाए गए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा ने कहा कि लगातार पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं से विद्यार्थियों और अभिभावकों का भरोसा टूट रहा है। केन्द्र सरकार प्रतियोगी परीक्षाओं को पारदर्शी तरीके से आयोजित कराने में विफल रही है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव धर्मराज मेहरा ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित