भिवानी , जून 19 -- हरियाणा के भिवानी के उपायुक्त साहिल गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों में अनाधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश किसी भी स्थिति में नहीं होना चाहिए।

नीट परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा बैठक में डीसी ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। परीक्षा केंद्र अधीक्षक के अलावा किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को मोबाइल फोन अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। यदि किसी आवश्यक कारण से फोन का उपयोग करना पड़े तो इसकी जानकारी जिला प्रशासन को देकर सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में ही कॉल की जाएगी।

उन्होंने परीक्षा केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिए कि केंद्रों पर किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने दें। परीक्षा केंद्रों के बाहर पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा और अनावश्यक भीड़ एकत्र नहीं होने दी जाएगी। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को पर्याप्त पेयजल तथा बिजली निगम को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

डीसी ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर चिकित्सा विभाग की एंबुलेंस टीम तैनात रहेगी। साथ ही पर्याप्त संख्या में बायोमेट्रिक मशीनें और कार्यरत सीसीटीवी कैमरे उपलब्ध कराए जाएंगे। शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित