भिवानी , जून 21 -- हरियाणा में परीक्षा से जुड़े विवादों, पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की कमी के मुद्दे को लेकर एनएसयूआई ने रविवार को भिवानी के विभिन्न परीक्षा केंद्रों के बाहर छात्र-अभिभावक हस्ताक्षर अभियान चलाया।

अभियान का नेतृत्व एनएसयूआई जिला अध्यक्ष मंजीत लांगयान ने किया।

अभियान के दौरान बड़ी संख्या में छात्रों, अभिभावकों और नागरिकों ने हस्ताक्षर कर शिक्षा व्यवस्था में सुधार, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की जवाबदेही तय करने, कोचिंग संस्थानों की फीस पर नियंत्रण तथा छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी सुविधाएं बढ़ाने की मांग का समर्थन किया।

भीषण गर्मी के बीच एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने परीक्षा केंद्रों के बाहर विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए ठंडे पानी, कोल्ड ड्रिंक और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था भी की। इस दौरान कई अभिभावकों और छात्रों ने सेवा कार्य की सराहना की।

कार्यक्रम में कांग्रेस नेता प्रदीप नरवाल, अनिरुद्ध चौधरी, प्रदीप गुलिया तथा मनोज बागड़ी भी उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं से युवाओं का विश्वास प्रभावित हुआ है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। एनएसयूआई नेताओं ने मांग की कि परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, कोचिंग संस्थानों की मनमानी फीस पर नियंत्रण लगाया जाए तथा छात्रों के लिए मानसिक स्वास्थ्य परामर्श केंद्र स्थापित किए जाएं।

उन्होंने कहा कि छात्रों के हितों और उनके भविष्य की सुरक्षा के लिए संगठन का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित