पटना , जनवरी 25 -- राजधानी पटना के एक निजी हॉस्टल में नीट की तैयारी कर रही छात्रा से कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले की जांच में लापरवाही बरतने के आरोप में कदमकुआं थाना के अपर थानाध्यक्ष (एएसएचओ) हेमंत झा और चित्रगुप्त नगर थाना की थानाध्यक्ष (एसएचओ) रोशनी कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, निजी हॉस्टल में रह रही नीट छात्रा के कथित दुष्कर्म और हत्या की जांच के दौरान कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही के दोषी पाए जाने पर एएसएचओ हेमंत झा और एसएचओ रोशनी कुमारी को निलंबित किया गया है। जांच के दौरान सूचनाएं एकत्र करने और संदिग्धों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने में विफल रहने के कारण दोनों के खिलाफ यह कार्रवाई की गई।
उल्लेखनीय है कि एक निजी हॉस्टल में रहने वाली छात्रा के साथ कथित रूप से दुष्कर्म किया गया। छात्र की हालत गंभीर होने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इस घटना के बाद परिजनों ने आरोप लगाया कि छात्रा के साथ दुष्कर्म किया गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और अंततः उसकी मृत्यु हो गई। हालांकि, पुलिस ने शुरुआत में दावा किया था कि छात्रा ने अधिक मात्रा में नींद की गोलियां खाकर आत्महत्या की है। लेकिन बाद में आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छात्रा के साथ यौन उत्पीड़न की आशंका से इनकार नहीं किया गया है।
इस मामले में विभिन्न पक्षों से विरोध और विपक्षी नेताओं की लगातार मांग के बाद, पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर दूसरी राय के लिए सभी संबंधित दस्तावेज अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के डॉक्टरों की टीम को भेजे गए। इस बीच, छात्रा के अंतर्वस्त्रों की विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की रिपोर्ट में शुक्राणु के अंश पाए जाने की पुष्टि हुई, जिससे दुष्कर्म के आरोप और मजबूत हो गए। मृतका मेडिकल कॉलेज में प्रवेश के लिए आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षा नीट की तैयारी कर रही थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित