साहिबगंज , फरवरी 15 -- झारखंड के साहिबगंज जिले में विज्ञान स्नातक करने के बाद नीट की तैयारी कर रहे एक युवक ने फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली।
साहिबगंज जिला अंतर्गत राधानगर थाना क्षेत्र के पूर्वी उधवा पंचायत के जंगलपाड़ा गांव में 25 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिला। जिससे इलाके में सनसनी फैल गयी। मृतक की पहचान जंगलपाड़ा निवासी चिनमय सिंह के रूप में हुई है। वह नीट की तैयारी कर रहा था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
परिजनों ने बताया कि चिनमय सिंह शनिवार दोपहर घर से निकला था। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। उसी दौरान देर शाम ग्रामीणों से सूचना मिली कि घर के सामने गंगा नदी किनारे आम बगीचा के पास स्थित व्यायामशाला में वह फंदे से लटका हुआ है। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शव को फंदे से उतारकर घर ले आए।
इधर, घटना की जानकारी मिलते ही राधानगर थाना के एएसआई सुनील मेहता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल भेजने भेजा। परिजनों के अनुसार चिनमय सिंह पढ़ाई में काफी होनहार था। उसने बीएससी की पढ़ाई पूरी करने के बाद डी-फार्मा डिप्लोमा किया था और वर्तमान में नीट की तैयारी कर रहा था। वह अपने परिवार का इकलौता बेटा था। ऐसे में उसके द्वारा यह कदम उठाए जाने से परिजन ही नहीं, बल्कि गांव के लोग भी हैरान हैं।
इस संबंध में राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। पुलिस आत्महत्या के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित