शेखपुरा , जुलाई 20 -- बिहार के शेखपुरा जिले के बरबीघा थाना क्षेत्र में नालंदा निवासी नींबू विक्रेता सुरेंद्र केवट की हत्या के मामले का पुलिस ने उद्भेदन करते हुए मुख्य आरोपी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राकेश कुमार ने सोमवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बताया कि 09 जुलाई को बरबीघा रेलवे स्टेशन के समीप बघार से 55 वर्षीय सुरेंद्र केवट का शव बरामद हुआ था। मृतक नालंदा जिले के बिहारशरीफ का निवासी और नींबू विक्रेता था। मामले में बरबीघा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की गई।उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी सोनू कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि मृतक 07 जुलाई की रात उसके घर में चोरी की नीयत से घुसा था। मृतक पूर्व में उसका मोबाइल फोन भी चोरी कर चुका था। इसी को लेकर उसने अपने मुहल्ले के तीन नाबालिग साथियों को बुलाया और सभी ने मिलकर सुरेंद्र केवट की पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में शव को बरबीघा रेलवे स्टेशन के पास फेंक दिया गया।

एएसपी ने बताया कि पुलिस ने अनुसंधान के दौरान मृतक के कपड़े, हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा तथा घटना के समय मुख्य आरोपी द्वारा पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। सोनू कुमार के विरुद्ध बरबीघा थाना में पूर्व से भी जानलेवा हमले सहित दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। सोनू कुमार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि तीन अन्य नाबालिग आरोपियों को बाल सुधार गृह भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित