देहरादून/चंडीगढ़ , जून 21 -- उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में बीते 16 जून को कुछ निहंग सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय व्यापारियों के बीच हुए विवाद को लेकर रविवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवत सिंह मान ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात की।

श्री मान ने श्री धामी से दोनों पक्षों से बातचीत कर विवाद का उचित हल निकालने का अनुरोध किया।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि श्री धामी और श्री मान के बीच अत्यन्त सौहार्दपूर्ण बातचीत में इस मामले को शांतिपूर्वक हल किये जाने की आवश्यकता पर बल दिया गया।

श्री धामी ने पंजाब के मुख्यमंत्री को विश्वास दिलाया कि इस मामले में कोई भी कदम पूरी तरह निष्पक्ष ढंग से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन को बिना किसी दबाव के पारदर्शिता के साथ कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये हैं।

उल्लेखनीय है कि पंजाब के मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की सिख संगत को विश्वास दिलाया है कि पंजाब सरकार उनकी किसी भी तरह की मदद के लिए हमेशा तैयार है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित