चंडीगढ़ , जून 29 -- पंजाब की पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता लक्ष्मीकांता चावला ने सोमवार को राज्य में कथित रूप से निहंगों से जुड़ी हिंसक घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक पंजाब को खुला पत्र लिखते हुए कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाये हैं।

उन्होंने हाल ही में टीवी चैनलों पर प्रसारित एक घटना का हवाला देते हुए कहा कि तीन निहंगों द्वारा एक दुकानदार और उसके पुत्र पर हथियारों से हमला किये जाने का दृश्य पूरे प्रदेश के लिए चिंता का विषय है।

श्री चावला ने कहा कि इससे पहले भी पट्टी, बटाला, अमृतसर सहित कई स्थानों पर ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिन्हें पंजाब के लोग स्वीकार नहीं कर सकते। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस स्पष्ट रूप से यह कहने से बचती है कि हमला करने वाले निहंग थे और केवल 'निहंग के वेश में कुछ लोग' कहकर मामले को टाल देती है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि क्या उसके पास यह बताने का साहस नहीं है कि हमलावर असली निहंग थे, या नकली, और उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की गयी। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने में असमर्थ है, तो उसे स्पष्ट रूप से जनता को बता देना चाहिए कि वह अपनी सुरक्षा स्वयं करे।

श्री चावला ने पूछा कि क्या समाज का कोई वर्ग कानून से ऊपर है और क्या नागरिकों के जीवन एवं संपत्ति की सुरक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं आम लोगों का सरकारी तंत्र और कानून व्यवस्था पर विश्वास लगातार कमजोर कर रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री और डीजीपी से यह भी स्पष्ट करने की मांग की कि टीवी चैनलों पर दिखायी गयी घटना कब की है और इस मामले में अब तक क्या कार्रवाई की गयी है। उन्होंने कहा कि कानून का राज स्थापित करना सरकार की जिम्मेदारी है और इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई न केवल जनता बल्कि सरकार के हित में भी आवश्यक है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित