करनाल , अक्टूबर 26 -- हरियाणा के करनाल जिले की निसिंग अनाज मंडी में धान की खरीद और गेट पास नहीं कटने से नाराज कैथल जिले के किसानों ने करनाल-कैथल रोड पर जाम लगा दिया। किसानों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से पोर्टल संबंधी समस्याओं के कारण उनकी धान से भरी ट्रॉलियों के गेट पास जारी नहीं किए जा रहे, जबकि उनके पास सभी जरूरी दस्तावेज मौजूद हैं।
किसानों ने बताया कि वे करीब 40 वर्षों से निसिंग मंडी में धान बेचते आ रहे हैं। इस बार भी वे पहले अपनी फसल बेच चुके हैं, लेकिन अब उन्हें गेट पास नहीं मिलने के कारण परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि समस्या का समाधान होने तक जाम नहीं खोला जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित