संतकबीरनगर , जून 17 -- विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सहनी ने निषाद पार्टी के अध्यक्ष और योगी सरकार में मंत्री संजय निषाद पर निशाना साधते हुये कहा कि सरकार में रहने के बावजूद श्री निषाद अपने समाज के हितों और उनके आरक्षण का मुद्दा प्रभावी ढंग से उठाने में विफल रहे।

श्री सहनी ने यूनीवार्ता से बातचीत में कहा, " निषाद समाज ने उन्हें (संजय निषाद) को नेतृत्व दिया, लेकिन सरकार में रहते हुए वह निषाद समाज के आरक्षण के मुद्दे को प्रभावी ढंग से नहीं उठा सके।" उन्होंने संजय निषाद से समाज के हित में सरकार पर दबाव बनाने की अपील की।

वीआईपी अध्यक्ष ने प्रस्ताव देते हुये कहा कि यदि संजय निषाद उनके साथ आते हैं तो वह स्वयं इंडिया गठबंधन के नेताओं राहुल गांधी और अखिलेश यादव से बातचीत कर उन्हें सम्मानजनक राजनीतिक भागीदारी दिलाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने देश में जातीय जनगणना कराने और आबादी के अनुपात में आरक्षण देने की मांग भी दोहराई। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर महंगाई और अन्य जनहित के मुद्दों पर विफल रहने का आरोप लगाया।

सहनी ने बताया कि 25 जुलाई के बाद वह पूरे उत्तर प्रदेश में 101 दिनों की 'संकल्प यात्रा' निकालेंगे। यात्रा के दौरान वह गांव-गांव जाकर निषाद समाज को एकजुट करने और उनके अधिकारों के लिए जनजागरण अभियान चलाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल उनका मुख्य उद्देश्य समाज को संगठित करना है और कोई बड़ा राजनीतिक निर्णय दाे नवंबर के बाद ही लिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित