रुद्रपुर , सितंबर 19 -- उत्तराखंड शासन की ओर से 'दीनदयाल मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना' के अंतर्गत प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों को बदरीनाथ धाम की निःशुल्क तीर्थ यात्रा कराई जा रही है। पहला दल कल 20 सितंबर को रवाना होगा।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी लता बिष्ट ने बताया कि इस योजना के तहत श्री गंगोत्री धाम, श्री बदरीनाथ धाम, रीठा-मीठा साहिब, नानकमत्ता, कलियर शरीफ (हरिद्वार), ताड़केश्वर (पौड़ी), कालीमठ (रुद्रप्रयाग), जागेश्वर (अल्मोड़ा), गैराड़ गोलू (बागेश्वर), गंगोलीहाट (पिथौरागढ़), बैजनाथ (बागेश्वर), ज्वाल्पा (पौड़ी गढ़वाल), महासू देवता हनोल (देहरादून) एवं कालिका (पौड़ी) धाम को इस योजना में शामिल किया गया है।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी के अनुसार योजना के अंतर्गत ऊधमसिंहनगर के नानकमत्ता से 20 सितंबर को सुबह 8 बजे 30 वरिष्ठ नागरिकों का दल श्री बदरीनाथ धाम के लिए प्रस्थान करेगा। यात्रियों के लिए बस की व्यवस्था उत्तराखंड परिवहन निगम द्वारा की जा रही है।

गढ़वाल मंडल विकास निगम के निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप तीर्थयात्रियों के भोजन एवं आवास की व्यवस्था यात्रा मार्ग में पड़ने वाले विभिन्न पड़ावों पर स्थित कुमाऊं मंडल विकास निगम व गढ़वाल मंडल विकास निगम के पर्यटक आवास गृहों में की जा रही है। यात्रियों के लिए फर्स्ट एड किट की व्यवस्था जनपद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय द्वारा सुनिश्चित की गई है। यात्रा व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन हेतु कुमाऊं मंडल विकास निगम, नैनीताल द्वारा अपने प्रशिक्षित गाइड को भी यात्रा के साथ भेजा जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित