पटना , मार्च 11 -- बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की सदस्यता ग्रहण करने के बाद बुधवार को पहली पार्टी के प्रदेश कार्यालय पहुंचे और वहां उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ संगठन से जुड़े मुद्दों पर विमर्श किया।
निशांत कुमार आज बिहार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार तथा कुछ अन्य नेताओं के साथ अचानक पार्टी कार्यालय पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। निशांत ने 08 मार्च को औपचारिक रूप से जदयू की सदस्यता ग्रहण की थी और तब से वे राजनीतिक गतिविधियों में लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं।
श्री कुमार ने पार्टी कार्यालय में जदयू कार्यकर्ताओं और युवा नेताओं से बातचीत की। इस दौरान संगठन से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
पार्टी कार्यालय की निशांत की यह यात्रा पार्टी की राजनीतिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भूमिका की शुरुआत के रूप में देखी जा रही है। कार्यालय पहुंचते ही कार्यकर्ता उनके चारों ओर एकत्रित हो गए और उनके समर्थन में नारे लगाने लगे। कुछ कार्यकर्ताओं ने भविष्य में उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में देखने की इच्छा भी जताई।
शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने बाद में पत्रकारों से कहा कि पार्टी कार्यालय में प्रत्येक बुधवार को जनता दरबार आयोजित किया जाता है, जिसमें लोगों की समस्याएं सुनी जाती हैं। उन्होंने बताया कि निशांत कुमार इसी कार्यक्रम के सिलसिले में कार्यालय आए थे और इस दौरान लोगों की समस्याएं भी सुनी गईं।
शिक्षा मंत्री श्री कुमार से जब पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की तरफ से भविष्य में निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के बीच ऐसी भावनाएं स्वाभाविक हैं।
उल्लेखनीय है कि निशांत ने, 08 मार्च को जदयू की सदस्यता लेने के बाद अपने पिता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आशीर्वाद लिया था। पार्टी में शामिल होने के बाद उन्होंने कहा था कि वह संगठन के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे और पिछले दो दशकों में उनके पिता द्वारा किए गए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे।
पार्टी की सदस्यता लेने के बाद से निशांत कुमार लगातार सक्रिय राजनीतिक भूमिका में दिखाई दे रहे हैं। माना जा रहा है कि वह शीघ्र ही बिहार के विभिन्न जिलों का दौरा भी शुरू कर सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित