पटना, मई 18 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता सह विधान पार्षद नीरज कुमार, प्रदेश प्रवक्ता डा. निहोरा प्रसाद यादव एवं प्रदेश प्रवक्ता अंजुम आरा ने संयुक्त रूप से सोमवार को कहा कि बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार की बढती लोकप्रियता से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता बौखला गए हैं और उनके उपर व्यक्तिगत टिप्पणियाँ की जा रही हैं।
जदयू के प्रवक्ताओं ने बयान जारी कर कहा कि श्री निशांत कार्यकर्ताओं की लगातार मांग के बाद पार्टी में शामिल हुए हैं और उनके आने से जदयू को नई उर्जा मिली है। उन्होंने कहा कि निशांत को जनता के बीच मिल रही स्वीकार्यता की वजह से राजद के नेता राजनीतिक घबराहट में उलुल जुलूल बयानबाजी कर रहे हैं।
मुख्य प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि 'जय निशांत तय निशांत' पार्टी का नया नारा है और निशांत कुमार अब पार्टी के सर्वमान्य नेता हैं। उन्होंने कहा कि बिहार के राजनीतिक गलियारे में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और निशांत कुमार की जोड़ी हिट हो रही है, जो विपक्ष के लिए चिंता का विषय है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित