पटना, अगस्त 12 -- प्रदेश जनता दल यूनाइटेड(जदयू) के शंभूनाथ सिन्हा ने बुधवार को कहा कि निशांत कुमार के प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री बनाने के बाद स्वास्थ्य क्षेत्र में व्यापक और महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल रहे हैं।

श्री सिन्हा ने कहा कि श्री निशांत ने पदभार ग्रहण करते ही राज्य के गरीब, जरूरतमंद और कमजोर वर्ग के मरीजों के बेहतर इलाज को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल किया तथा स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी और मरीज-केंद्रित बनाने के लिए 11 सूत्री दिशा-निर्देश जारी किए।

जदयू प्रवक्ता ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री ने सरकारी अस्पतालों में मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के साथ स्वास्थ्यकर्मियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया है। इसी क्रम में सभी सरकारी अस्पतालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्णय लिया गया है, जिससे अस्पतालों में डॉक्टरों और नर्सों की उपस्थिति एवं स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति की रियल-टाइम देखरेख की जा सके। इसके साथ ही अस्पतालों में फिंगरप्रिंट आधारित उपस्थिति को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।

श्री सिन्हा ने कहा कि गरीब एवं कमजोर वर्ग के मरीजों को सरकारी अस्पतालों में बेहतर इलाज और मुफ्त दवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। वर्तमान में सरकारी अस्पतालों में करीब 350 प्रकार की दवाएं मरीजों को मुफ्त उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिसे आने वाले समय में बढ़ाकर 504 करने के लक्ष्य पर काम किया जा रहा है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को इलाज के दौरान होने वाले अतिरिक्त खर्च से बड़ी राहत मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित