पटना , अप्रैल 17 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार के नेतृत्व में शुक्रवार को पार्टी प्रवक्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमे दल की आगामी रणनीतियों पर विचार विमर्श किया गया।

जदयू प्रदेश कार्यालय, पटना में आयोजित इस बैठक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा भी उपस्थित थे।

इस बैठक के दौरान पार्टी की आगामी रणनीतियों एवं समसामयिक मुद्दों पर विस्तृत और गहन विचार-विमर्श किया गया। साथ ही राष्ट्रीय अध्यक् नीतीश कुमार के दो दशकों के ऐतिहासिक कार्यों एवं उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुँचाने की रूपरेखा पर चर्चा हुई।

इस दौरान निशांत कुमार ने पार्टी प्रवक्ताओं से कहा कि जदयू समाज के सभी तबकों का सम्मान करती है एवं किसी भी धार्मिक एवं सामाजिक समूह की भावना आहत न हो इस दिशा में काम करती है। उन्होंने कहा कि पार्टी लंबे समय से राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री कुमार के मार्गदर्शन में इसी नीति के तहत कम कर रही है।

बैठक के दौरान पार्टी प्रवक्ताओं ने निशांत कुमार से आग्रह किया कि वह लोगों के बीच ''जय निशांत, तय निशांत'' के नारे के साथ जाना चाहते हैं। प्रदेश प्रवक्ताओं ने इस नारे को आगे बढाने के लिए उनसे सहमति भी मांगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित