श्रीगंगानगर , अप्रैल 25 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में कोतवाली पुलिस ने निवेश के नाम पर करीब एक करोड़ 67 लाख रुपये की ठगी के तीन वर्ष पुराने मामले में दो आरोपियों को हरियाणा की भौंडसी जेल से गिरफ्तार किया है।
इस मामले की जांच कर रहे स्वर्णसिंह ने शनिवार को बताया कि आरोपी हाकिमसिंह पाल (44) निवासी नगला जवाहर, गुरुग्राम और लोकेश सैनी (33) निवासी कोटकासिम, अलवर को गुरुग्राम पुलिस ने तीन महीने पहले ऐसी ही ठगी के मामले में गिरफ्तार किया था। इन दोनों के खिलाफ श्रीगंगानगर कोतवाली थाने में संदीप सहारन द्वारा अदालत में दायर इस्तगासे के आधार पर मामला दर्ज किया गया था।
जांच अधिकारी के अनुसार जब गुरुग्राम में इन दोनों की गिरफ्तारी की सूचना मिली तो स्थानीय अदालत से उनके प्रोडक्शन वारंट जारी करवाए गए। वारंट के आधार पर दोनों को हरियाणा की भौंडसी जेल से श्रीगंगानगर लाया गया। आज अदालत में पेश किए जाने पर दोनों को चार दिन की पुलिस हिरासत में लिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित