भोपाल , मार्च 19 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 21 मार्च को राजस्थान की राजधानी जयपुर में उद्योगपतियों के साथ "इंटरेक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट अपॉर्च्यूनिटीज इन मध्यप्रदेश" में संवाद करेंगे। इस सत्र में टेक्सटाइल, ईवी-ऑटोमोबाइल, फूड प्रोसेसिंग और पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों के निवेशक भाग लेंगे।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार जयपुर के आईटीसी राजपूताना में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव राज्य की औद्योगिक संभावनाओं, नई नीतियों और अधोसंरचना की जानकारी देंगे तथा निवेशकों को मध्यप्रदेश में उद्योग स्थापित करने के लिए आमंत्रित करेंगे। कार्यक्रम में वन-टू-वन बैठकों के माध्यम से निवेशकों के साथ परियोजना स्तर पर चर्चा भी की जाएगी।
बताया गया है कि प्रदेश सरकार निवेश आकर्षित करने के लिए विभिन्न राज्यों में रोड-शो और उद्योगपतियों से संवाद कर रही है। इसी क्रम में भीलवाड़ा में टेक्सटाइल क्षेत्र पर केंद्रित कार्यक्रम के बाद जयपुर में यह दूसरा प्रमुख आयोजन होगा।
सरकार की प्राथमिकताओं में औद्योगिक विस्तार के साथ संतुलित क्षेत्रीय विकास शामिल है। उज्जैन में मेडिकल डिवाइस पार्क, नर्मदापुरम में ऊर्जा उपकरण निर्माण क्षेत्र, ग्वालियर में फुटवियर पार्क, जबलपुर में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग हब, रतलाम में मेगा इंडस्ट्रियल पार्क तथा धार में पीएम मित्रा पार्क जैसी परियोजनाएं विकसित की जा रही हैं।
प्रदेश सरकार का कहना है कि निवेश केवल पूंजी प्रवाह नहीं, बल्कि रोजगार सृजन, कौशल विकास और क्षेत्रीय समृद्धि का माध्यम है। इसी उद्देश्य से उद्योग-अनुकूल नीतियां लागू कर प्रक्रियाओं को सरल और पारदर्शी बनाया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित