चंडीगढ़ , अप्रैल 11 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उद्योगपतियों और निवेशकों को राज्य के तेजी से विकसित हो रहे खाद्य प्रसंस्करण, लॉजिस्टिक्स, इलेक्ट्रिक वाहन और अन्य क्षेत्रों में निवेश के लिए आमंत्रित किया। तिइकॉन चंडीगढ़ समिट 2026 को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में निवेश के लिए अनुकूल औद्योगिक माहौल तैयार किया गया है, जहां पारदर्शिता, डिजिटल शासन और सरल प्रक्रियाओं के माध्यम से कारोबार को आसान बनाया गया है।

उन्होंने कहा कि राज्य में खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र तेजी से बढ़ रहा है और लगभग 28 हजार इकाइयां पहले से संचालित हैं। लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में हरियाणा देश में तीसरे और उत्तर भारत में पहले स्थान पर है, जबकि इलेक्ट्रिक वाहन सेक्टर में भी सरकार आकर्षक नीतियों के जरिए निवेश को बढ़ावा दे रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत अब उपभोग आधारित अर्थव्यवस्था से उत्पादन और नवाचार आधारित अर्थव्यवस्था की ओर बढ़ रहा है, जिसमें हरियाणा महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में 9,500 से अधिक मान्यता प्राप्त स्टार्टअप हैं और इस मामले में हरियाणा देश में सातवें स्थान पर है।

उन्होंने कहा कि गुरुग्राम, फरीदाबाद, पंचकूला और हिसार जैसे शहर स्टार्टअप हब बनकर उभर रहे हैं। राज्य के 14 जिले एनसीआर में आते हैं और 66 प्रतिशत क्षेत्र दिल्ली-मुंबई औद्योगिक कॉरिडोर के प्रभाव में है, जिससे निवेश को बढ़ावा मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 2023-24 में हरियाणा ने 2.75 लाख करोड़ रुपये का निर्यात कर देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान दिया। साथ ही, सरकार विभिन्न नीतियों और एकल खिड़की प्रणाली के माध्यम से निवेशकों को सुविधाएं प्रदान कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित