दुर्ग , जून 01 -- जनपद पंचायत दुर्ग के निलंबित मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) रूपेश पांडेय ने सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात कर अपने निलंबन से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने कार्रवाई को एकपक्षीय बताते हुए कहा कि न्याय नहीं मिलने पर वह हाईकोर्ट का रुख करेंगे।
जानकारी के अनुसार कांग्रेस जिला अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल के जन्मदिन कार्यक्रम के बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व विधायक अरुण वोरा के निवास पहुंचे थे, जहां रूपेश पांडेय ने उनसे मुलाकात की।
श्री पांडेय ने मीडिया से चर्चा में कहा कि उन्हें अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया गया और सभी तथ्यों पर विचार किए बिना निलंबन की कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि वह मुख्य सचिव से मिलकर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करेंगे।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता एवं पूर्व सरपंच पुराण देशमुख और रूपेश पांडेय के बीच विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर ने श्री पांडेय को निलंबित कर दिया था।
भूपेश बघेल से मुलाकात के बाद इस मामले के राजनीतिक रूप से और अधिक चर्चा में आने की संभावना जताई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित