प्रयागराज , अप्रैल 30 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आज शाम उस वक्त हड़कंप मच गया जब बिजली विभाग के जेई अभय कुमार टेलीफोन टावर पर चढ़ गए और अपने निलंबन को वापस लेने की बात पर अड़े हुए हैं।
जेई गुरुवार शाम करीब 6 बजे से टेलीफोन टावर पर करीब 20 फीट ऊपर जाकर खड़े हैं, नीचे दूसरे साथी इंजीनियर उतरने के लिए मान मनौव्वल कर रहे हैं। टावर पर चढ़े जेई अभय कुमार की तैनाती गंगा पार डिवीजन के छिवैया फीडर पर है। गंगा पार में लाइनमैन द्वारा एक बाहरी व्यक्ति रामू कुशवाहा को पोल पर चढ़ाने से मंगलवार रात उसकी करंट लगने से मौत हो गई थी।इसी मामले में सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर सौरभ गौतम ने जेई अभय कुमार को सस्पेंड कर दिया है।
विभाग की इस कार्रवाई से नाराज होकर जेई अभय कुमार टेलीफोन के टावर पर चढ़े हैं और अपने सस्पेंशन को वापस लेने की मांग कर रहे हैं। साथी जूनियर इंजीनियरों का कहना है कि मंगलवार रात 2:30 बजे बिजली का फाल्ट ठीक करा कर वह अपने घर पर गए थे, इस बीच लाइन में दोबारा फाल्ट आ गया, इसके बाद टीजी टू रमेश कुमार और लाइनमैन रवि कुशवाहा फाल्ट ठीक करने गए। उन्होंने शट डाउन लेकर बाहरी व्यक्ति रामू कुशवाहा को फाल्ट ठीक करने के लिए पोल पर चढ़ा दिया, इस बीच लाइन चालू होने से करंट लग गया और प्राइवेट व्यक्ति रामू कुशवाहा की मौत हो गई।
इस मामले में टीजी टू रमेश कुमार और लाइनमैन रवि कुशवाहा को भी सस्पेंड किया गया है।जबकि एसडीओ और एक्स ई एन के खिलाफ कार्यवाही के लिए चीफ इंजीनियर ने एमडी को संस्तुति भेज दी है। टेलीफोन टावर के नीचे अभी भी बड़ी संख्या में जूनियर इंजीनियर डटे हुए हैं।और अपने साथी को टावर से उतरने के लिए मान मनव्वल कर रहे है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित