जयपुर , अगस्त 31 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा है कि जालोर जिले के भीनमाल में निकाय चुनाव में भाजपा प्रत्याशी की निर्विरोध जीत यह दर्शाती है कि जनता का विश्वास लगातार भाजपा के प्रति मजबूत हो रहा है। "श्री राठौड़ ने सोमवार को यह बात कही। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि राजस्थान की जनता विकास और विश्वास की राजनीति पर अपनी मोहर लगाएगी तथा आगामी निकाय चुनावों में भारी बहुमत के साथ प्रदेशभर में कमल खिलेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन ने निकाय चुनावों में टिकट वितरण की प्रक्रिया को निष्पक्ष और पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न किया है। संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता को पार्टी के निर्णय पर विश्वास है और सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर कमल के फूल को विजयी बनाने के लिए पूरी ताकत के साथ कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा का संगठन कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और जनता के विश्वास के आधार पर चुनाव मैदान में उतर रहा है। भाजपा के लिए चुनाव केवल सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता की सेवा और क्षेत्र के विकास का संकल्प है। प्रदेश की जनता ने भाजपा सरकार के कार्यों को देखा है और विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को महसूस किया है। यही विश्वास निकाय चुनावों में भाजपा की जीत का आधार बनेगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार ने विकास, सुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा को अपनी प्राथमिकता बनाया है। प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, किसानों के हित, महिला सशक्तीकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा गरीब और वंचित वर्गों के कल्याण की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में विकास का नया वातावरण तैयार हुआ है और सरकार की योजनाओं एवं जनहितैषी निर्णयों का लाभ आमजन तक पहुंच रहा है। यही कारण है कि राजस्थान की जनता का विश्वास भाजपा सरकार के प्रति लगातार मजबूत हो रहा है। आने वाले निकाय चुनावों में भी जनता विकास और सुशासन के पक्ष में अपना आशीर्वाद भाजपा को देगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित