भीलवाड़ा , अक्टूबर 22 -- राजस्थान में पंचायत चुनाव-2026 (प्रथम चरण) के लिए बुधवार को आयोजित मतदान दलों के अंतिम प्रशिक्षण रवानगी में नियुक्त प्रधानाचार्यों को कार्य में लापरवाही बरतने पर जिला कलेक्टर (जिला निर्वाचन अधिकारी) जसमीत सिंह संधू ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
आधिकारिक सू्त्रों ने गुरुवार को बताया कि नोटिस के अनुसार तीन प्रधानाचार्य एवं एक व्याख्याता राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज भीलवाड़ा में 21 अक्टूबर को आयोजित अंतिम प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहे। नियुक्ति सेल के कार्मिकों द्वारा दूरभाष पर सम्पर्क करके प्रशिक्षण में उपस्थित होने के लिये सूचित करने के उपरान्त भी वे अनुपस्थित रहे, जो राजकीय कार्य के प्रति गंभीर लापरवाही एवं पदीय कर्तव्यों के प्रति उदासीनता का द्योतक है।
सूत्रों ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा इस संबंध में उन्हें तीन दिन में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। नोटिस पाने वाले प्रधानाचार्यों में जहाजपुर ब्लाक के प्रधानाचार्य धर्मचन्द मीना, उच्छबलाल मीणा, कोटडी ब्लॉक के प्रधानाचार्य भवानी शंकर शर्मा और करेड़ा ब्लॉक के व्याख्याता प्रभात ईनाणी शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित