भोपाल , सितंबर 28 -- मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग तथा मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से अरेरा हिल्स स्थित निर्वाचन आयोग कार्यालय तक पैदल मार्च कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है।

प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, राज्यसभा सदस्य अशोक सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, पीसी शर्मा, मुकेश नायक, सुखदेव पांसे, विजयलक्ष्मी साधौ, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी, किसान कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र चौहान, विधायक आरिफ मसूद, फुंदेलाल मार्को, आतिफ अकील, महेश परमार, नितेंद्र राठौर, सिद्धार्थ कुशवाहा सहित कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा कि यह कांग्रेस की लड़ाई नहीं, बल्कि देश, मध्यप्रदेश और संविधान को बचाने की लड़ाई है। उन्होंने चुनाव आयोग की नियुक्ति और उसकी जवाबदेही से जुड़ी संवैधानिक व्यवस्थाओं में बदलाव को लेकर सवाल उठाए तथा मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन पंजीयन अधिकारी की कानूनी भूमिका और विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया से जुड़े सवालों का जवाब संविधान और कानून के आधार पर दिया जाना चाहिए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि लोकतंत्र की नींव जनता के वोट और उसके भरोसे पर टिकी है तथा चुनावी प्रक्रिया पर जनता का विश्वास बना रहना जरूरी है। उन्होंने मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया को लेकर राहुल गांधी द्वारा उठाए गए सवालों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनका जवाब तथ्यों और पारदर्शिता के साथ मिलना चाहिए।

श्री पटवारी ने अपने बूथ का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भाजपा का कोई कार्यकर्ता नजर नहीं आ रहा था, फिर भी भाजपा को करीब 300 वोट मिले। उन्होंने इसे अपना व्यक्तिगत अनुभव बताते हुए ऐसे मामलों की निष्पक्ष जांच की आवश्यकता बताई। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की परेशानी और युवाओं में नशे को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि यह लड़ाई किसी पार्टी की सत्ता की नहीं, बल्कि आम आदमी के वोट, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि युवा रोजगार, किसान समर्थन मूल्य, महिलाएं सुरक्षा तथा दलित-आदिवासी जल, जंगल और जमीन के अधिकार की मांग कर रहे हैं।

श्री सिंघार ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता, ईवीएम और मतदाता सूची में नाम जोड़ने-हटाने की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं में जनता का भरोसा बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि संविधान, लोकतंत्र और डॉ. आंबेडकर के सपनों की रक्षा के लिए जनता की आवाज को बूथ तक पहुंचाना होगा।

प्रदर्शन से पहले प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर सभा भी हुई। इसके बाद कार्यकर्ता निर्वाचन आयोग कार्यालय की ओर बढ़े। बैरिकेडिंग के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बनी तथा कुछ प्रदर्शनकारी बैरिकेड पार करने का प्रयास करते नजर आए, जिसके बाद पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित