मुरादाबाद, सितंबर 20 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं मुरादाबाद महापौर विनोद अग्रवाल के भाई एवं प्रमुख निर्यातक महेशचंद्र अग्रवाल को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दिए जाने के मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि मझोला पुलिस ने तहरीर के आधार पर निर्यात कारोबार से जुड़े इकबाल शम्शी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। मामला मुरादाबाद इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट प्राइवेट लिमिटेड (एमआईडीपीएल) से जुड़े करीब 26 लाख रुपये के लेन-देन का हिसाब मांगने को लेकर हुए कथित विवाद से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।

थाना पुलिस को दी तहरीर में महेशचंद्र अग्रवाल ने आरोप लगाया है कि 18 सितंबर की शाम दिल्ली रोड स्थित सतपाल पुगला की ग्लोब मेटल फैक्ट्री में एमआईडीपीएल से संबंधित निर्धारित बैठक हुई थी। बैठक में कंपनी के साझेदार सतपाल पुगला, अजय गुप्ता, इकबाल शम्शी और वह स्वयं मौजूद थे। तहरीर के अनुसार कंपनी के खातों एवं प्रबंधन का कार्य इकबाल शम्शी देखते हैं।

आरोप है कि जब उनसे करीब 26 लाख रुपये के लेन-देन का हिसाब और संबंधित दस्तावेज मांगे गए तो हिसाब देने के बजाय कथित तौर पर इकबाल शम्शी द्वारा गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायतकर्ता द्वारा सतपाल पुगला और अजय गुप्ता को घटना का चश्मदीद बताया गया है। तहरीर में पुलिस से एमआईडीपीएल के खातों और वित्तीय लेन-देन में संभावित अनियमितताओं की जांच की मांग भी की गई है। उन्होंने तहरीर में कथित तौर पर आशंका जताई है कि कंपनी के वित्तीय लेन-देन में बड़े स्तर पर अनियमितताएं हो सकती हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित