धार , अगस्त 21 -- मध्यप्रदेश के धार शहर में व्यापारिक विस्तार और नगर पालिका की आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में पुराने नगर पालिका कार्यालय परिसर में करीब चार करोड़ 95 लाख रुपए की लागत से 64 दुकानों का आधुनिक व्यावसायिक मार्केट बनाया जाएगा। परियोजना को अब 'निर्माण पूर्व आवंटन योजना' के तहत गति देने की तैयारी है। इससे नगर पालिका को वित्तीय प्रवाह मिलने के साथ छोटे और मध्यम वर्ग के व्यापारियों को आधुनिक परिसर में दुकान उपलब्ध हो सकेगी।

नगर पालिका प्रशासन के अनुसार इच्छुक व्यापारियों को दुकानों की पूरी राशि एकमुश्त जमा नहीं करनी होगी। निर्माण कार्य की प्रगति के आधार पर तीन से चार किस्तों में भुगतान की सुविधा देने की तैयारी की जा रही है। इससे खरीदारों पर आर्थिक बोझ कम होगा और परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने में मदद मिलेगी। पहले चरण में 32 दुकानों की नींव और दीवारों का निर्माण कार्य पूरा किया जा चुका है।

परियोजना के समीप स्थित स्टेटकालीन ऐतिहासिक घंटाघर का भी कायाकल्प किया जाएगा। वर्तमान में इसकी दीवारों और छत पर उगे पीपल के पेड़ों से संरचना को नुकसान पहुंच रहा है। धरोहर को संरक्षित करने के लिए लाल पत्थर, मार्बल और ग्रेनाइट का उपयोग कर इसे नया स्वरूप देने की योजना है।

आधुनिक मार्केट के निर्माण से शहर में व्यापारिक गतिविधियों का विस्तार होने के साथ रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है। वहीं दुकानों से मिलने वाले किराए और अन्य व्यावसायिक स्रोतों से नगर पालिका की आय बढ़ेगी, जिसका उपयोग शहर के अन्य विकास कार्यों में किया जा सकेगा।

नगर पालिका धार के सीएमओ विश्वनाथ सिंह ने कहा कि रोजगार के नए अवसर सृजित करने और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए यह परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है। निर्माण कार्य में निरंतरता बनाए रखने के लिए निर्माण पूर्व दुकान आवंटन की योजना बनाई गई है और पूरी प्रक्रिया सभी पक्षों की सहमति से पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित