रायपुर , सितंबर 12 -- भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकारों (बीओसीडब्ल्यू) के कल्याण और सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मुंबई में दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया गया है। सम्मेलन में देशभर के निर्माण श्रमिकों के सुरक्षित और सम्मानजनक भविष्य तथा कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर मंथन किया जा रहा है।

छत्तीसगढ़ में आज विभाग ने जानकारी देते हुए बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य निर्माण श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुलभ बनाने के साथ राज्यों के बीच बेहतर कार्यप्रणालियों और अनुभवों का आदान-प्रदान करना है।

विभाग ने बताया कि 11 और 12 सितंबर को आयोजित इस राष्ट्रीय सम्मेलन में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया, केंद्रीय राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे, मध्यप्रदेश के श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल और छत्तीसगढ़ के श्रम सचिव हिम शिखर गुप्ता सहित विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रतिनिधि शामिल हुए हैं।

सम्मेलन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह और मंडल सचिव गिरीश रामटेके कर रहे हैं।

इस दौरान प्रथम दिवस पर विभिन्न राज्यों ने निर्माण श्रमिकों के हित में संचालित कल्याणकारी योजनाओं, श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों और नवाचारों के अनुभव साझा किए। निर्माण श्रमिकों तक सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाने, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और भविष्य की रणनीति पर भी चर्चा की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित