देवरिया , सितंबर 14 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया में जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी ने सोमवार को निर्माणाधीन नगर पंचायत कार्यालय बरियारपुर, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय तथा निर्माणाधीन सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्य में विलंब और धीमी प्रगति मिलने पर उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं और ठेकेदारों को कड़ी फटकार लगाते हुए 15 दिन से एक माह के भीतर कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
श्री हुलगी ने बताया कि नगर पंचायत कार्यालय बरियारपुर का निर्माण समय सीमा के बाद भी अधूरा है। उन्होंने निर्देश दिया कि 15 सितंबर तक कार्य पूर्ण कर हस्तांतरित किया जाय। इसी तरह कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का निर्माण भी विभिन्न कारणों से लेट चल रहा है। गुणवत्ता की जांच के साथ ही उन्होंने एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लॉक का निर्माण भी 15 दिन में श्रमिक बढ़ाकर पूरा करने को कहा।
उन्होंने लगभग एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के स्टाम्प से संबंधित संपत्ति मूल्यांकन का भी अवलोकन किया। जांच में स्टाम्प चोरी जैसा कोई मामला नहीं मिला सभी मापदंड सही पाये गये। इसके अलावा एक निर्मित सड़क का भी निरीक्षण किया गया। यह सड़क दिसंबर 2025 तक पूरी हो जानी चाहिए थी।लेकिन अभी तक अधूरी है। पूछने पर बताया गया कि यूसी भेजने के बाद दूसरी किस्त प्राप्त होते ही कार्य पूरा किया जाएगा। जिलाधिकारी ने ठेकेदार को एक माह में सड़क का निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया ताकि आम लोगों को आवागमन में बाधा न हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित