आगरमालवा , अक्टूबर 30 -- आगरमालवा जिले के ग्राम निपानिया बैजनाथ में निर्माणाधीन मंदिर तोड़े जाने के विरोध में बजरंग दल सहित हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को कोतवाली थाने पहुंचकर धरना दिया और नारेबाजी की। बाद में कार्यकर्ताओं ने नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम निपानिया बैजनाथ में एक निर्माणाधीन मंदिर तोड़े जाने से हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता नाराज थे। आरोप है कि मंदिर तोड़ने वाले व्यक्ति ने इस दौरान हिंदू संगठनों के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया था। इसी के विरोध में कार्यकर्ता कोतवाली थाने पहुंचे और संबंधित व्यक्ति से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि जब तक संबंधित व्यक्ति अपनी गलती स्वीकार कर माफी नहीं मांगता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
थाने में काफी देर तक धरना और नारेबाजी के बाद भी कार्यकर्ता अपनी मांग पर अड़े रहे। इसके बाद उन्होंने थाना परिसर के बाहर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। अचानक हुए प्रदर्शन से यातायात प्रभावित हुआ और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने कार्यकर्ताओं को समझाइश दी। संबंधित व्यक्ति द्वारा हिंदू संगठनों से माफी मांगे जाने के बाद कार्यकर्ताओं ने विरोध समाप्त कर चक्काजाम खोल दिया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात बहाल हो सका।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित