भोपाल , मार्च 22 -- भोपाल-इंदौर हाईवे पर खजुरी जोड़ के पास निर्माणाधीन ब्रिज के पिलर से कार टकराने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार हादसा रविवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे हुआ। मृतक की पहचान 30 वर्षीय गौरव सिंह निवासी अवधपुरी के रूप में हुई है, जो टूर्स एंड ट्रेवल्स का संचालन करते थे। वह अपने एक परिचित के निधन की सूचना मिलने पर इंदौर जा रहे थे।

बताया गया है कि खजुरी सड़क थाना क्षेत्र में भौरी जोड़ के पास निर्माण कार्य के चलते सड़क वन-वे की गई है। इसी दौरान सामने से आ रहे वाहन को क्रॉसिंग देने के प्रयास में उनकी कार अनियंत्रित होकर ब्रिज के पिलर से टकरा गई।

हादसे में गौरव सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद साथी लकी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित