ग्रेटर नोएडा , सितंबर 15 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा दनकौर थाना क्षेत्र के अंतर्गत जेपी ग्रींस स्थित फ्यूचर वर्ल्ड निर्माणाधीन सोसाइटी में काम करने के दौरान ऊंचाई से गिरने के कारण एक मजदूर की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर दनकौर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया।

पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस के अनुसार, मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और मामले में अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने मंगलवार को घटना की जानकारी दी और बताया कि, रविवार को दनकौर थाना क्षेत्र के फ्यूचर वर्ल्ड निर्माणाधीन सोसाइटी में कार्य चल रहा था। इसी दौरान वहां काम कर रहे बैद्यनाथ शाह अचानक ऊंचाई से नीचे गिर गए। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद दनकौर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

मृतक की पहचान बैद्यनाथ शाह पुत्र रामदेव शाह के रूप में हुई है। उनकी उम्र करीब 43 वर्ष थी। वह मूल रूप से ग्राम प्रेमनगर धोबोली, थाना रोनी सैदपुर, जिला सीतामढ़ी, बिहार के निवासी थे। वर्तमान में वह फ्यूचर वर्ल्ड सोसाइटी, जेपी ग्रींस, दनकौर, में रहकर कार्य कर रहे थे।

हादसे के बाद दनकौर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। पुलिस द्वारा पंचायतनामा भरने की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद परिजनों ने मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित