देवरिया , जून 4 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में भाटपार रानी क्षेत्र स्थित चखनी घाट पर उत्तर प्रदेश और बिहार को जोड़ने के लिए बन रहे निर्माणाधीन पुल के एक पिलर एवं स्लैब में कथित तकनीकी खामियां सामने आने के बाद जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हो रहे इस पुल का निर्माण कार्य प्रगति पर है। निर्माणाधीन पुल के एक पिलर और स्लैब में खराबी की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है।

जिलाधिकारी ने बताया कि जांच समिति को दो दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही सेतु निगम के अधिशासी अभियंता को तलब कर मामले की जानकारी ली गई तथा उन्हें कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है।

श्री हुलगी ने कहा कि यदि जांच में निर्माण कार्य की गुणवत्ता में कमी अथवा तकनीकी अनियमितताएं पाई जाती हैं, तो जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित पक्षों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए शासन को संस्तुति भेजी जाएगी।

उन्होंने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए सेतु निगम के अतिरिक्त स्वतंत्र रूप से तीन अधिकारियों की समिति गठित की गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित