ऋषिकेश , अप्रैल 3 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में चिकित्सा क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहे निर्मल आश्रम अस्पताल द्वारा शुक्रवार को आयोजित 18वें स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर मानव सेवा की मिसाल पेश की। शिविर के दौरान कुल 114 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।

शुक्रवार को एनजीए एवं एनईआई के तीन दिवसीय वार्षिक समागम के दूसरे दिन निर्मल आश्रम, खैरी कलां में आयोजित इस रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। युवाओं के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर रक्तदान कर जरूरतमंदों के जीवन को बचाने में योगदान दिया।

अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डा. अजय शर्मा ने बताया कि संस्थान द्वारा प्रतिवर्ष दो बार रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस बार 114 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर सामाजिक सरोकार का परिचय दिया है।

शिविर का शुभारंभ निर्मल आश्रम परिवार के महंत बाबा राम सिंह महाराज ने रिबन काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में रक्तदान तथा मृत्यु के पश्चात नेत्रदान का संकल्प लेना चाहिए, क्योंकि मानव सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित