बैतूल , जून 04 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के गंज क्षेत्र में संचालित शराब दुकानों को लेकर विवाद गहरा गया है। शिवसेना ने आरोप लगाया है कि कुछ शराब दुकानें निर्धारित समय से पहले खोली जा रही हैं और आबकारी नियमों की अनदेखी की जा रही है। संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

शिवसेना जिला अध्यक्ष विजेंद्र गोले ने जारी बयान में कहा कि गंज क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्र और व्यायामशाला के समीप संचालित एक शराब दुकान प्रतिदिन निर्धारित समय से पहले खोली जा रही है। उनका आरोप है कि दुकान सुबह लगभग सात बजे से संचालित होने लगती है, जबकि शराब विक्रय के लिए शासन द्वारा निर्धारित समय का पालन किया जाना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और कलेक्टर द्वारा नियमों के पालन को लेकर लगातार निर्देश दिए जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद संबंधित दुकान में कथित रूप से नियमों का उल्लंघन जारी है। इससे शासन के आदेशों की प्रभावशीलता पर भी प्रश्नचिह्न लग रहा है।

श्री गोले ने आबकारी विभाग और स्थानीय पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारियों की अनदेखी अथवा संरक्षण के कारण समय से पहले शराब बिक्री का सिलसिला जारी है। उन्होंने कहा कि प्रभावी निगरानी से ऐसी गतिविधियों पर रोक लगाई जा सकती है।

शिवसेना नेता ने गंज और कोतवाली थाना क्षेत्रों में कथित रूप से अवैध अहातों के संचालन का मुद्दा भी उठाया। उनका आरोप है कि कुछ स्थानों पर अवैध रूप से अहाते संचालित किए जा रहे हैं, जहां शराब सेवन की व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिवसेना ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा कथित अवैध गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित