भोपाल , जुलाई 24 -- मध्यप्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने प्रदेश में निर्माणाधीन सेतु परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को बेहतर और सुरक्षित परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

श्री सिंह ने वल्लभ भवन में आयोजित सेतु निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलेवार एवं परियोजनावार निर्माणाधीन सेतु परियोजनाओं की प्रगति का परीक्षण किया। उन्होंने "लोक निर्माण से लोक कल्याण" की भावना के साथ प्रदेश की सेतु अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में मंत्री ने विलंबित परियोजनाओं पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग तथा फील्ड स्तर पर प्रभावी समन्वय के माध्यम से निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी सेतु परियोजनाओं में गुणवत्ता, सुरक्षा और तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे हों।

श्री सिंह ने कहा कि सेतु परियोजनाओं के समय पर पूर्ण होने से आवागमन सुगम होगा, क्षेत्रीय संपर्क बढ़ेगा तथा आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। उन्होंने "समय पर, गुणवत्तापूर्ण और जवाबदेह निर्माण" को विभाग की कार्यसंस्कृति बनाने पर विशेष बल दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित