चंडीगढ़ , अप्रैल 30 -- हरियाणा सरकार की 'निरोगी हरियाणा' पहल के तहत अब तक अंत्योदय परिवारों के करीब एक करोड़ नागरिकों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है, जबकि 5.86 करोड़ से अधिक लैब टेस्ट मुफ्त किए गए हैं। इस पहल से बीमारियों का समय रहते पता लगाकर उपचार संभव हो रहा है।
प्रदेश में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 550 एम्बुलेंस का नेटवर्क स्थापित किया गया है, जो डायल-112 से जुड़ा है। आपात स्थिति में नौ से 10 मिनट के भीतर एम्बुलेंस मौके पर पहुंच रही है।
सरकार द्वारा सभी जिलों में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जा रहा है। वर्तमान में 18 जिला नागरिक अस्पतालों में सीटी स्कैन और सात में एमआरआई सेवाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा 22 नागरिक अस्पतालों में मुफ्त हैमो डायलिसिस सुविधा दी जा रही है, जिसे आगे और संस्थानों तक विस्तार किया जाएगा।
गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए 4 केंद्रों पर कैथ लैब और कार्डियक केयर यूनिट संचालित हैं, जिन्हें जल्द अन्य संस्थानों में भी शुरू किया जाएगा।
गरीब परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा देने के लिए आयुष्मान-चिरायु योजना लागू की गई है, जिसके तहत तीन लाख रुपये वार्षिक आय तक के परिवारों को पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिल रहा है। साथ ही, कैंसर मरीजों के लिए डे केयर सेंटर, मुफ्त उपचार, यात्रा सुविधा और आर्थिक सहायता भी प्रदान की जा रही है।
सरकार 'बीमारी से पहले बचाव' के सिद्धांत पर काम करते हुए योग, व्यायाम और खेल संस्कृति को बढ़ावा दे रही है, ताकि लोग स्वस्थ रहें और बीमारियों से बचाव हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित