मुरैना , अक्टूबर 29 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के ग्राम टिकरी निवासी खिलाड़ी निरंजन गुर्जर उर्फ रिंकू कंसाना का 47वीं वर्ल्ड आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप एवं 28वीं पैरा आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप-2026 के लिए चयन हुआ है। वे प्रतियोगिता के पैरा सीटिंग 65 किलोग्राम वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनके चयन से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

नई दिल्ली में 26 अक्टूबर से 7 नवंबर तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 63 देशों के लगभग 1800 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। निरंजन गुर्जर मध्यप्रदेश आर्म रेसलिंग एसोसिएशन से जुड़े हैं। उनके मुकाबले 1 और 2 नवंबर को होंगे।

प्रतियोगिता का आयोजन वर्ल्ड आर्म रेसलिंग फेडरेशन के संरक्षण में पीपल्स आर्म रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (पीएएफआई) की अध्यक्ष प्रीति जिगानी और प्रो पंजा लीग के संस्थापक प्रवीण दवास के नेतृत्व में किया जा रहा है। निरंजन गुर्जर का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करना मुरैना जिले के लिए गौरव की बात है। उनके चयन से क्षेत्र के अन्य खिलाड़ियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित