भीलवाड़ा , जुलाई 15 -- राजस्थान में भीलवाड़ा की ग्राम पंचायत माण्डल में कथित नियम विरुद्ध भूखंड (पट्टा) आवंटन मामले ने अब बड़ा मोड़ ले लिया है।
आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि इस मामले में पूर्व सरपंच एवं वर्तमान प्रशासक संजय भण्डिया के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद राजस्थान सरकार के पंचायती राज विभाग ने उन्हें प्रशासक पद से हटा दिया है।
पंचायती राज विभाग द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि ग्राम पंचायत माण्डल में नियम विरुद्ध पट्टे जारी करने के आरोपों की जांच के मद्देनजर सक्षम स्तर से प्राप्त निर्देशों की पालना में संजय भण्डिया को प्रशासक पद से पदमुक्त किया जाता है।
यह कार्रवाई उस मामले के बाद हुई है, जिसमें पूर्व सरपंच संजय भण्डिया और तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) के खिलाफ नियमों के विपरीत पट्टे जारी करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। आरोप है कि पंचायत में भूखंड आवंटन की प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी करके कई पट्टे जारी किये गये।
इस पूरे मामले ने माण्डल में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है। लंबे समय से उठ रहे पट्टा घोटाले के आरोप अब प्रशासनिक कार्रवाई तक पहुंच गये हैं। पहले प्राथमिकी और अब प्रशासक पद से हटाये जाने को मामले में सरकार की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि माण्डल के जागरूक नागरिकों ने भी वर्ष 1992 से 2020 तक जारी सभी आवासीय पट्टों की निष्पक्ष जांच की मांग जिला प्रशासन से की थी। अब सरकार के ताजा आदेश के बाद यह मामला और अधिक गंभीर हो गया है और जांच एजेंसियों की आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित