मुरैना , अक्टूबर 25 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने नियमों के विरुद्ध संचालित अस्पतालों और नर्सिंग होम की जांच कर उन्हें नियमानुसार सील करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बिना वैध पंजीयन अथवा नियमों का पालन किए बिना संचालित एंबुलेंस के विरुद्ध भी कार्रवाई करने को कहा है। कलेक्टर ने रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए ये निर्देश दिए।
कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को नर्सिंग होम की जांच कर कार्रवाई करने तथा जिला परिवहन अधिकारी को अपंजीकृत एंबुलेंस के विरुद्ध कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने आयुष्मान कार्ड बनाने के कार्य में तेजी लाने और 70 वर्ष से अधिक आयु के पात्र व्यक्तियों पर विशेष ध्यान देने को कहा। स्वास्थ्य केंद्रों पर जांच सुविधाएं, आवश्यक उपकरण और दवाइयां उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए।
श्री जांगिड़ ने कहा कि किसानों को खाद वितरण में परेशानी नहीं होनी चाहिए। निर्धारित दर से अधिक राशि वसूलने या खाद वितरण में अनियमितता की शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर एफआईआर दर्ज कराई जाए। उन्होंने राजस्व, कृषि विभाग और संबंधित विपणन संस्थाओं को खाद वितरण की निगरानी करने तथा बाजरा उपार्जन के लिए पंजीकृत किसानों की फसलों का सत्यापन समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को सीएम राइज विद्यालयों में स्कूल बसों का समय पर संचालन सुनिश्चित करने, प्रयोगशालाओं और शैक्षणिक उपकरणों को चालू हालत में रखने तथा बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम सुधारने के लिए प्रभावी रणनीति बनाने को कहा। उन्होंने विद्यार्थियों का नामांकन बढ़ाने, स्कूल छोड़ने वाले विद्यार्थियों की संख्या कम करने और अपार आईडी बनाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने पूर्ण हो चुकी नल-जल योजनाओं को ग्राम पंचायतों को सौंपने में अनावश्यक देरी नहीं करने को कहा। योजना हस्तांतरण में लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। बिना उचित कारण योजना का हस्तांतरण नहीं लेने या कार्य में बाधा डालने वाले सरपंचों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पात्र मामलों में पंचायत राज अधिनियम की धारा 40 के तहत कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलेश कुमार भार्गव, अपर कलेक्टर अश्विनी कुमार रावत सहित सभी एसडीएम और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित