मुंबई , मई 02 -- बीसीसीआई ने कहा है कि आईपीएल 2026 में नियमों का उल्लंघन करने वाली टीमों के ख़िलाफ़ कार्रवाई की जाएगी। बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने शनिवार को यह बात कही। मौजूदा आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स दो बार ग़लत कारणों से चर्चा में रही। पहली बार तब जब टीम मैनेजर रविंदर सिंह भिंडर मोबाइल फोन इस्तेमाल करते हुए दिखे। दूसरी घटना तब हुई जब कप्तान रियान पराग एक मैच के दौरान ड्रेसिंग रूम में वेपिंग करते पकड़े गए।

भिंडर पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था, जबकि पराग के मैच फ़ीस का 25 प्रतिशत काटा गया और उन्हें एक डिमेरिट प्वाइंट भी दिया गया।

सैकिया ने मुंबई में महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम की घोषणा के दौरान कहा, "हम यह देख रहे हैं कि जो टीमें नियमों का उल्लंघन कर रही हैं, उनके ख़िलाफ़ और क्या कदम उठाए जा सकते हैं। हम कुछ कार्रवाई करेंगे। हम आईपीएल के नियमों और प्रोटोकॉल का जायजा ले रहे हैं, ख़ासकर इस बात का कि टीमें किस तरह व्यवहार कर रही हैं।"भिंडर ने बीसीसीआई की एंटी करप्शन यूनिट को बताया था कि यह ग़लती अनजाने में हुई और जुर्माना लगने से पहले उन्होंने माफ़ी भी मांगी थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित