चंडीगढ़ , सितंबर 21 -- हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने नागरिकों से अपील की है कि सुनने में किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में जांच कराएं। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों में श्रवण परीक्षण और उपचार की पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और हरियाणा स्वास्थ्य विभाग की ओर से 21 से 27 सितंबर तक अंतर्राष्ट्रीय बधिर सप्ताह मनाया जा रहा है। इस वर्ष का संदेश 'बधिर लोगों के मानवाधिकारों की घोषणा' है। इसका उद्देश्य श्रवण स्वास्थ्य के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना और सुनने की क्षमता की सुरक्षा के लिए प्रेरित करना है।
आरती सिंह राव ने कहा कि सुनने में कठिनाई या बहरापन किसी भी उम्र में हो सकता है। यदि किसी व्यक्ति को टीवी या ऑडियो डिवाइस की आवाज बार-बार तेज करनी पड़े, बातचीत सुनने में परेशानी हो, दूसरों से बात दोहराने के लिए कहना पड़े अथवा कानों में बजने या भिनभिनाने की आवाज आए तो यह सुनने की क्षमता में कमी के संकेत हो सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित